टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले की संदिग्ध मौत: घर में फंदे से लटका मिला शव, निधन से कुछ घंटे पहले शेयर की थी रील

You are currently viewing टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले की संदिग्ध मौत: घर में फंदे से लटका मिला शव, निधन से कुछ घंटे पहले शेयर की थी रील

टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले का निधन हो गया है। प्रारंभिक पुलिस जांच में मामले को आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस के अनुसार, उनका शव महाराष्ट्र के पालघर जिले स्थित उनके घर में सीलिंग फैन से लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और फिलहाल किसी भी तरह की संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के समय संचिता घर में अकेली थीं। उनके परिवार ने भी किसी व्यक्ति पर संदेह या आरोप नहीं लगाया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

संचिता उगले अपने माता-पिता के साथ पालघर जिले के नालासोपारा क्षेत्र में रहती थीं। निधन से कुछ घंटे पहले उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील साझा की थी, जिसमें वे लोकप्रिय गीत पर लिपसिंक करती नजर आई थीं। इस पोस्ट के बाद उनके निधन की खबर सामने आने से फैंस और टीवी इंडस्ट्री के लोग स्तब्ध हैं। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में प्रशंसक उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

संचिता उगले टीवी जगत का जाना-पहचाना चेहरा थीं। उन्होंने ‘कुमकुम भाग्य’, ‘वागले की दुनिया’, ‘साजन घर में’ और ‘दिलवाली दूल्हा ले जाएगी’ जैसे कई चर्चित धारावाहिकों में काम किया था। इसके अलावा वे फिल्म ‘छावा’ में ताराबाई के किरदार में भी नजर आई थीं। उन्होंने अभिनेता मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट’ में भी अभिनय किया था।

इस बीच ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य पहलुओं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संचिता के अचानक निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है।