अमिताभ बच्चन को लेकर इन दिनों उनके फैंस काफी चिंतित नजर आ रहे हैं. हाल ही में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि अभिनेता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बाद में यह भी कहा गया कि उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई और वह अपने घर लौट आए हैं. हालांकि अमिताभ बच्चन या उनकी टीम की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की गई. बावजूद इसके, इन खबरों ने उनके चाहने वालों की चिंता जरूर बढ़ा दी थी. अब इन चर्चाओं के बीच बिग बी ने अपना नया ब्लॉग पोस्ट शेयर किया है.
अमिताभ बच्चन ने ब्लॉग में क्या लिखा?
अपने ताजा ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने फैंस के लिए एक खास संदेश लिखा, लेकिन उन्होंने अपनी सेहत को लेकर कोई सीधी बात नहीं की. उन्होंने बुधवार देर रात एक कविता शेयर की, जिसमें देसी अंदाज और मजाकिया लहजा देखने को मिला.
कविता के जरिए उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में अपने विचार रखे. पोस्ट के आखिर में उन्होंने फैंस के लिए ‘प्यार, दुआएं और बहुत कुछ’ लिखकर अपना संदेश खत्म किया.
अमिताभ बच्चन की तबीयत कैसी है?
19 मई 2026 दिन मंगलवार को खबर आई थी कि अमिताभ बच्चन को पेट से जुड़ी परेशानी के कारण मुंबई के नानावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है और वह 16 मई से अस्पताल में थे. हालांकि बाद में दूसरी रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और केवल नियमित हेल्थ चेकअप के लिए अस्पताल पहुंचे थे.