बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में उस वक्त मैदान का माहौल गरमा गया, जब विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन दास और मोहम्मद रिजवान के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. खास बात यह रही कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने रिजवान को जमकर स्लेज किया और उनकी हरकत पर मजाकिया अंदाज में ऐसा तंज कसा, जिसे सुनकर फैंस भी अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं.
LIVE मैच में भिड़े लिटन दास और मोहम्मद रिजवान
सिलहट टेस्ट के चौथे दिन पाकिस्तान की पारी के दौरान जब मोहम्मद रिजवान बल्लेबाजी कर रहे थे, तो इस दौरान उन्हें बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने जमकर स्लेज किया . रिजवान की बल्लेबाजी के दौरान नजमुल हसन शांतो ने कहा, ‘ओवरएक्टिंग के लिए हम पचास रुपये काटेंगे’. इस दौरान रिजवान और लिटन दास के बीच भी तीखी बातचीत होती दिखी. इस दौरान लिटन दास ने रिजवान से पूछा कि ये क्या कर रहे है, इधर देखो, उधर क्या देख रहे हो? इधर बैटिंग करो. इसके जवाब में रिजवान साइट स्क्रीन की ओर इशारा करते हुए कुछ कहते हैं. इस पर लिटन दास ने उनकी चुटकी लेते हुए कहा,”फिफ्टी हो गई है, अब एक्टिंग शुरू हो जाएगी. यह सुनते ही रिजवान भड़क उठे और दोनों के बीच तीखी बहस होने शुरू हो गई. जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.