सुबह की पहली किरण के साथ कलेक्टर श्री सिंह पहुंचे गांव के द्वार—जनसंवाद से बढ़ा विश्वास

You are currently viewing सुबह की पहली किरण के साथ कलेक्टर श्री सिंह पहुंचे गांव के द्वार—जनसंवाद से बढ़ा विश्वास

 

उज्जैन, 28 अप्रैल। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह और जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांस कूमट ने बड़नगर अनुभाग के ग्राम गजनीखेङी में रात्री विश्राम के बाद सुबह ग्राम का सघन भ्रमण किया। रात्रि विश्राम के बाद सुबह की ताज़गी के साथ कलेक्टर श्री सिंह का गांव में घर-घर पहुंचना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रशासन के मानवीय चेहरे की झलक है। जब कलेक्टर खुद लोगों के द्वार तक पहुंचते हैं, तो समस्याएं फाइलों से निकलकर सीधे समाधान प्राप्त करतीं हैं।
कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामवासियों के घर-घर पहुंचकर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ लेने, बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और स्वगणना और जनगणना में उत्साह से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामीणों से सड़क,नाली, साफ़-सफाई, बिजली और उर्वरक उपलब्धता और उनकी दिनचर्या के सम्बंध में चर्चा की।
कलेक्टर श्री सिंह के इस प्रयास से ग्रामीणों ने महसूस किया कि प्रशासन केवल कार्यालयों तक सीमित नहीं, बल्कि उनके बीच आकर उनकी परेशानियों को समझने और दूर करने के लिए तत्पर है।ऐसे प्रयास मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशानुरूप “जनसेवा” को वास्तविक रूप में साकार करते हैं।
ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री सिंह को सुबह से घर के द्वार पर देखा तो उनका बड़े उत्साह से चाय के साथ स्वागत किया। इस दौरान बड़नगर एसडीएम श्री धीरेन्द्र पाराशर, तहसीलदार श्रीमती रूपाली जैन,जनपद सीईओ, पंचायत सचिव उपस्थित रहे।