उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की एक शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई. जिसमें सादगी की अनोखी मिसाल देखने को मिली. दहेज में एक रुपया और शगुन में नारियल लेकर समाज में बड़ा संदेश दिया गया. ये पूरा मामला सरसावा इलाके के मीरपुर गांव का है.
मथुरा में हुई दोनों परिवारों की मुलाकात
दरअसल, पूरा मामला कुछ इस तरह है कि सहारनपुर के मीरपुर गांव में रहने वाले इंडियन आर्मी से रिटायर्ड चौधरी ओमपाल सिंह ने अपने बेटे मधुर चौधरी की शादी ब्रजमंडल में रहने वाली ज्योति सौरोत से करायी. शादी 16 मार्च 2026 को हुई. इस विवाह समारोह की सबसे खास बात इसकी सादगी रही. जहां दहेज और शगुन के नाम पर एक रुपया और नारियल लिया गया. मधुर के पिता सरसावा आर्य जाट विकास समिति के संयुक्त सचिव हैं.
नवविवाहित जोड़ा सेना में अधिकारी रैंक पर तैनात है. सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए उनकी तैनाती की लोकेशन के बारे में खुलासा नहीं किया गया है. दोनों परिवारों की मुलाकात धार्मिक यात्रा के दौरान मथुरा में हुई थी. बातचीत के दौरान ज्योति के परिजनों ने शादी की बात की, इस पर मधुर के परिवार ने उन्हें बताया कि उनका बेटा आर्मी में मेजर है.